“स्वस्थ बचपन की ओर कदम: चम्पावत में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर तैयारियां पूरी”
“स्वस्थ बचपन की ओर कदम: चम्पावत में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर तैयारियां पूरी”
CMO बोले- 0 से 5 साल तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, 29-30 जून को घर-घर पहुंचेंगी टीमें
चम्पावत | राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले अभियान के तहत जिले के सभी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय ने चम्पावत, बाराकोट, पाटी और लोहाघाट ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागीय समन्वय और तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
सभी बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 28 जून को बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
आशा, आंगनबाड़ी और ANM की अहम भूमिका
अभियान में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय भूमिका निभाएंगी। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाकर जिले को पोलियो मुक्त रखने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया जाए। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की दो बूंद पिलाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य का उपहार दें।
