जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा नैनबाग PHC को उच्चीकृत सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन
जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा नैनबाग PHC को उच्चीकृत सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन
देहरादून
नैनबाग के सरतली वार्ड से जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापनों में मुख्य रूप से तीन जिलों (टिहरी, देहरादून व उत्तरकाशी) की 95 हजार आबादी की जीवनरेखा माने जाने वाले नैनबाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उपजिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई।
इसके अलावा क्षेत्र के आर्थिक विकास और सुगम आवागमन के लिए 10 प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह किया गया। इसमें देहरादून-टिहरी को जोड़ने वाले 41 किमी लंबे मर्दसू-भटोली कैम्पटी मोटर मार्ग का निर्माण और 15 किमी लंबे पाली-दूधेली मार्ग को पीएमजीएसवाई के तहत डामरीकरण के लिए केंद्र सरकार से वित्तीय स्वीकृति दिलाने की मांग शामिल है।
कृषि व आजीविका को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों (टटोर, सुरांसू, सड़ब आदि) में लिफ्ट सिंचाई ट्यूबवैल योजना लागू करने और स्थानीय रोजगार के लिए प्रसिद्ध कैम्पटीफॉल के चाम्या जलप्रपात का विकास और जयद्वार त्याड़ा-देवीकोल को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की अपील भी की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रस्तावों का परीक्षण कर उचित विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
