उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री ने जयपुर में राजस्थान की जनकल्याणकारी योजनाओं का किया अध्ययन
उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री ने जयपुर में राजस्थान की जनकल्याणकारी योजनाओं का किया अध्ययन
जयपुर- उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों राजस्थान सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के अध्ययन के लिए जयपुर भ्रमण पर है। भ्रमण के दूसरे दिन समाज कल्याण मंत्री और अपर सचिव प्रकाश चंद्र सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने जयपुर के अम्बेडकर भवन में राजस्थान के सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत और विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उत्तराखंड के दल ने राजस्थान की ‘मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना’, विमुक्त, घुमंतू और अर्ध घुमंतू समुदाय से संबंधित योजनाएं और राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लि. द्वारा किए जा रहे कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देखा।

मंत्री खजान दास ने इन योजनाओं की सराहना करते हुए उत्तराखंड में भी इनकी सर्वोत्तम प्रथाओं को लागू करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद दोनों राज्यों के मंत्रियों ने संयुक्त रूप से जामडोली जयपुर स्थित राजकीय बौद्धिक दिव्यांग गृह का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां आवास, मनोरंजन, चिकित्सा और भोजन व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अपना घर आश्रम की संवासी महिलाओं को श्री अन्न प्रसादम् वितरित किया। दल ने परिसर में स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लाइब्रेरी’ का भी अवलोकन किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया। इस अध्ययन भ्रमण दल में उत्तराखंड के उप निदेशक बासुदेव आर्य, ओबीसी आयोग के सचिव गोरधन सिंह सहित अन्य अधिकारी व पीआरओ शामिल रहे। अंत में राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने ‘कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान’ में उत्तराखंड के अतिथि दल के सम्मान में भोज का आयोजन कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
