एसएसपी श्वेता चौबे का एक्शन मोड: जनता की ₹54 लाख की गाढ़ी कमाई का गबन करने वाला बैंक कैशियर गिरफ्तार
एसएसपी श्वेता चौबे का एक्शन मोड: जनता की ₹54 लाख की गाढ़ी कमाई का गबन करने वाला बैंक कैशियर गिरफ्तार
टिहरी पुलिस की सटीक विवेचना से आर्थिक अपराधी पहुंचा सलाखों के पीछे
धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़
टिहरी (अमित नौटियाल)- आर्थिक अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे के नेतृत्व में टिहरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लगभग ₹54 लाख के बैंक गबन के मामले में थाना छाम पुलिस ने मुख्य आरोपी बैंक कैशियर को गिरफ्तार कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता की गाढ़ी कमाई से खिलवाड़ करने वालों के लिए जनपद में कोई स्थान नहीं है।
एसएसपी ने बताया कि 30 जून 2026 को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, शाखा कमांद के शाखा प्रबंधक द्वारा थाना छाम में ई-एफआईआर के माध्यम से लगभग ₹54 लाख के गबन की सूचना दी गई। बैंक की आंतरिक ऑडिट एवं जांच समिति की जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अनेक खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षरों और फर्जी निकासी वाउचरों के माध्यम से अवैध रूप से धनराशि निकाली।सूचना के आधार पर थाना छाम पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और सीओ चम्बा के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने बैंक अभिलेखों, खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, निकासी वाउचरों, वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण कर मजबूत साक्ष्य संकलित किए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गबन की गई धनराशि का एक हिस्सा आरोपी ने अपने स्वयं के खाते और अपने रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस टीम ने देहरादून में दबिश देकर दिनांक 02 जुलाई को आरोपी को उसके निवास स्थान से विधिक प्रक्रिया के अनुरूप गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त की संलिप्तता के महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। प्रकरण में गबन की संपूर्ण धनराशि, फंड फ्लो, अन्य बैंक खातों में हुए अंतरण तथा संभावित अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में गहन विवेचना जारी है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। आर्थिक अपराध केवल धन की चोरी नहीं, बल्कि समाज के विश्वास पर भी आघात हैं। टिहरी पुलिस ऐसे अपराधों के प्रति पूर्णतया ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। अपराधी चाहे किसी भी पद पर हो या कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के दायरे में लाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी की पहचान अभिलाष शर्मा निवासी शक्ति कॉलोनी बड़ोवाला जनपद देहरादून के रूप में हुई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष छाम दिलबर सिंह नेगी, उप निरीक्षक मनवीर सिंह चौहान, अपर उप निरीक्षक जुगल किशोर भट्ट, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंवरवीर सिंह, कांस्टेबल मुकेश भट्ट और नीलम राठौर शामिल रहीं।
