स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में उमड़ी भीड़, सैकड़ों मरीजों ने उठाया निःशुल्क उपचार का लाभ
स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में उमड़ी भीड़, सैकड़ों मरीजों ने उठाया निःशुल्क उपचार का लाभ
चम्पावत। स्वास्थ्य विभाग चम्पावत द्वारा “सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के तहत जिला अस्पताल चम्पावत एवं राजकीय जूनियर हाई स्कूल खूनाबोरा में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न जांचों का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही एक्स-रे, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य आमजन, विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोगों को गंभीर बीमारियों की समय पर जांच, उपचार और परामर्श उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे शिविरों का लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक मजूमदार, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय पाठक, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजूनाथ, फिजिशियन डॉ. अजय कुमार, सर्जन डॉ. हिमांशु पाण्डेय, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. बबीता वर्मा, एनटीसीपी काउंसलर हरीश पाण्डेय, आरकेएसके काउंसलर सावित्री राय, टीबी क्लिनिक से प्रियंका पंत, रामनारायण खर्कवाल, गोविंद चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
