स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: बिनवालगांव में लगा स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों ने उठाया निःशुल्क जांच और उपचार का लाभ
स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: बिनवालगांव में लगा स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों ने उठाया निःशुल्क जांच और उपचार का लाभ
चम्पावत। स्वास्थ्य विभाग चम्पावत द्वारा “सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत पाटी ब्लॉक के बिनवालगांव में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ रक्तचाप, मधुमेह, गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुरूप उपचार एवं आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित कीं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, संतुलित आहार तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि “स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध हो। आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।”
