देहरादून: रेस्तरां में चल रहा था फर्जी बार, आबकारी विभाग की छापेमारी में 10 पेटी शराब बरामद
देहरादून: रेस्तरां में चल रहा था फर्जी बार, आबकारी विभाग की छापेमारी में 10 पेटी शराब बरामद
देहरादून (अमित नौटियाल)- आबकारी आयुक्त उत्तराखंड अनुराधा पाल के निर्देश पर शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आबकारी आयुक्त जनपदीय प्रवर्तन दल प्रेरणा बिष्ट के निर्देशन में टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी विभाग की टीम ने देहरादून स्थित बाबास नाम के एक रेस्तरां में दबिश दी। जहां बिना अनुमति के अवैध रूप से फर्जी बार चलाया जा रहा था। आरोपी अनिल कुमार निवासी देहरादून को रेस्टोरेंट से गिरफ्तार किया है। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि फर्जी बार को विगत दो-तीन महीने से चलाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से विभिन्न नामी ब्रांडों की लगभग 10 पेटी शराब और बीयर बरामद की है। इस छापेमारी दल में आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, गोविंद और हेमंत आदि शामिल रहे। विभाग ने रेस्तरां प्रबंधन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
