एसएसपी श्वेता चौबे ने टिहरी पुलिस परिवार को दी नई सौगात
एसएसपी श्वेता चौबे ने टिहरी पुलिस परिवार को दी नई सौगात
पुलिस लाइन चंबा में किया चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन, पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
टिहरी
पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने आज पुलिस लाइन चंबा परिसर में चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा एवं सेवा में समर्पित रहते हैं, इसलिए उनके लिए सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण केवल सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना भी इसका अभिन्न हिस्सा है। पुलिस लाइन में स्थापित यह चिकित्सा केंद्र पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रितों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र एवं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर एसएसपी ने चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चिकित्सा सेवाओं के सुचारु संचालन, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्र मोहन सिंह, पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु आदित्य तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस लाइन के अधिकारी, कर्मचारी एवं परिवार जन उपस्थित रहे।
टिहरी पुलिस पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य एवं बेहतर कार्य वातावरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी पुलिस कल्याण से जुड़े ऐसे प्रयास लगातार जारी रखे जाएंगे।
