स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के द्वितीय चरण में चिन्यालीसौड़ में उमड़ा जनसैलाब, 405 मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ
स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के द्वितीय चरण में चिन्यालीसौड़ में उमड़ा जनसैलाब, 405 मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ
चिन्यालीसौड़
“सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांचों का लाभ उठाया।
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. एस. रावत, ईएनटी सर्जन डॉ. मोहित लवानिया, डॉ. विकास सेमवाल, डॉ. विनोद कुकरेती, डॉ. नवीन पंचोला एवं अन्य चिकित्सा अधिकारियों द्वारा विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही निःशुल्क एक्स-रे, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच, ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, हीमोग्लोबिन जांच, टीबी जांच तथा दिव्यांग प्रमाण-पत्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में कुल 405 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 175 मरीजों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) एवं 175 मरीजों की मधुमेह की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 27 मरीजों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 09 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 28 महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, 03 मरीजों की टीबी जांच तथा 30 मरीजों के एक्स-रे किए गए। साथ ही 45 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है।
