उत्तरकाशीउत्तराखंड

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने किया भटवाड़ी एवं डुंडा ब्लॉक की स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर दिया जोर 

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने किया भटवाड़ी एवं डुंडा ब्लॉक की स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर दिया जोर 

उत्तरकाशी

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाए जाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय द्वारा मंगलवार को विकासखंड भटवाड़ी एवं डुंडा की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर, धौंतरी एवं श्रीकालखाल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्माणाधीन चिकित्सालय भवन का अवलोकन करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में चिकित्साधिकारी, नर्सिंग अधिकारी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने सभी कार्मिकों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए शासन के मानकों के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र ही प्रसव केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, स्टॉक बुक, औषधि उपलब्धता, परिसर की स्वच्छता तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित सेवाओं का निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्सिंग अधिकारी, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पदानुरूप दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि जनपद की प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कार्मिकों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती, जेई जगमोहन रावत सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!