उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

नरेंद्रनगर विधानसभा में विशेष गहन पुनरीक्षण  अभियान का अपर आयुक्त ने लिया जायजा

नरेंद्रनगर विधानसभा में विशेष गहन पुनरीक्षण  अभियान का अपर आयुक्त ने लिया जायजा

नरेंद्रनगर

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल उत्तम सिंह चौहान ने जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 11-नरेंद्रनगर का भ्रमण कर कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया।

‎भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त ने जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी टिहरी गढ़वाल द्वारा जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए अब तक की गई कार्रवाई, प्राप्त उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया गया। अपर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

‎समीक्षा बैठक के उपरांत अपर आयुक्त ने जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सहभागी बनाने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक सुझाव भी प्राप्त किए।

‎इसके बाद अपर आयुक्त, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 11-नरेंद्रनगर के अंतर्गत चार मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ से मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति सहित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

‎इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिला अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार नरेंद्र नगर विनोद तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी व राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!