उत्तराखंडदेहरादून

मसूरी गोलीकांड के शहीदों को कैबिनेट मंत्री खजान दास ने दी श्रद्धांजलि

मसूरी गोलीकांड के शहीदों को कैबिनेट मंत्री खजान दास ने दी श्रद्धांजलि

 

देहरादून- मसूरी गोलीकांड की 32वीं बरसी पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने देहरादून स्थित शहीद स्थल पहुंचकर उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को सशक्त और समृद्ध बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

 

मंत्री खजान दास ने कहा कि 2 सितंबर 1994 का दिन उत्तराखंड के इतिहास में बेहद भावुक और महत्वपूर्ण है। खटीमा गोलीकांड के विरोध में मसूरी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे राज्य आंदोलनकारियों पर हुई गोलीबारी में बेलमती चौहान, हंसा धनाई, बलबीर सिंह नेगी, धनपत सिंह, मदन मोहन ममगाईं और राय सिंह बंगारी शहीद हुए थे। आंदोलनकारियों को बचाने के प्रयास में तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक उमाकांत त्रिपाठी की भी जान चली गई थी।मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य शहीदों के बलिदान की देन है। उनके बलिदान को याद रखना और राज्य की संस्कृति, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के साथ विकास के लिए एकजुट होकर काम करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी स्व.  रणजीत सिंह वर्मा को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों के अलावा जीएमवीएन के निदेशक विशाल गुप्ता, पार्षद रोहन चंदेल, मंडल महामंत्री राहुल पंवार, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!