उड़री पट्टी गाजणा में मकानों पर गिरा मलबा, छतें क्षतिग्रस्त, ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने लिया जायजा
उड़री पट्टी गाजणा में मकानों पर गिरा मलबा, छतें क्षतिग्रस्त, ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने लिया जायजा
उत्तरकाशी
देर शाम विकासखंड डुंडा के ग्राम उड़री पट्टी गाजणा में अचानक कुछ मकानों की छतों पर भारी मलबा आ गिरा, जिससे गांव में अफरा-तफरी और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया। मलबे के तीव्र दबाव के कारण कई मकानों की छतों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि कुछ स्थानों पर छतें धंसने की कगार पर पहुंच गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डुंडा के ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने तत्परता दिखाते हुए बिना देरी किए घटनास्थल का रुख किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए ब्लॉक प्रमुख ने तुरंत नायब तहसीलदार, पटवारी और आपदा राहत टीम को मौके पर बुलवाया तथा संयुक्त रूप से हुए नुकसान का स्थल निरीक्षण कराया।
प्रभावितों को ढांढस बंधाते हुए ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने कहा, “मुश्किल की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को बिल्कुल अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। आपदा मानकों के तहत मिलने वाली त्वरित सहायता के साथ-साथ शासन-प्रशासन स्तर से हरसंभव मदद दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।”
उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि क्षति का सटीक आकलन कर रिपोर्ट जल्द तैयार की जाए ताकि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि व अन्य सुविधाएं समय पर मिल सकें। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी करने का आश्वासन भी दिया।
