चंपावत से नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने भाजपा का दामन थामा
चंपावत से नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने भाजपा का दामन थामा
जॉइनिंग की रफ्तार भाजपा की सुनामी का संकेत, सर्वे में भी होने लगा प्रतिबिंबित : भट्ट
देहरादून प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के निर्वाचन जनपद चंपावत के नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक स्थान से बड़ी संख्या में निर्वाचित प्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना प्रदेश में पार्टी के पक्ष में बने माहौल को दर्शाता है, जो अब निजी समाचार संस्थानों के सर्वे में भी स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित होने लगा है।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित जॉइनिंग कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों का फूलमाला और पार्टी पटका पहनाकर स्वागत किया। भट्ट ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और युवाओं का पार्टी के विचारों एवं सिद्धांतों में विश्वास जताना भाजपा के प्रति बढ़ती विश्वसनीयता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12-14 वर्षों में जिस गति से विकास हुआ है, वह अविस्मरणीय है। दूर-दराज के गांवों तक सड़कें पहुंची हैं, घर-घर बिजली पहुंची है और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है।
भट्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधि भी अपने क्षेत्र में विकास चाहते हैं और इसी कारण भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता ने पुष्कर धामी जैसा नेतृत्व राज्य को दिया है। आज भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल है और पार्टी दो-तिहाई बहुमत की ओर बढ़ रही है।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों को पार्टी के सिद्धांतों, विचारों और संगठन की कार्यपद्धति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन में सभी के सम्मान की चिंता करना पार्टी का दायित्व है। आगे उनकी क्षमता और परिस्थिति के अनुसार संगठनात्मक एवं चुनावी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से भाजपा में शामिल होने वालों में नारायण लाल, नगर पंचायत अध्यक्ष पाटी, गोविंद सिंह बोहरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संगठन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली मौजूद रहे।
