चम्पावत में लगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का बड़ा दरबार, अपोलो दिल्ली की टीम ने शुरू किया तीन दिवसीय मेडिकल कैम्प
चम्पावत में लगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का बड़ा दरबार, अपोलो दिल्ली की टीम ने शुरू किया तीन दिवसीय मेडिकल कैम्प
चम्पावत
जिले के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल चम्पावत में तीन दिवसीय स्पेशलिस्ट मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। 18 से 20 सितंबर तक आयोजित इस विशेष शिविर में अपोलो हॉस्पिटल, नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और उपचार की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन दे रही है।
शिविर का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने फीता काटकर किया। इस दौरान चम्पावत विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सभासद रोहित बिष्ट, सभासद प्रतिनिधि सूरज प्रहरी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इन विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी
अपोलो हॉस्पिटल नई दिल्ली से पहुंची विशेषज्ञ टीम में डॉ. लासिका—जनरल फिजिशियन, डॉ. शिवानी—नेफ्रोलॉजिस्ट, डॉ. कौशल—न्यूरोलॉजिस्ट, डॉ. कपिल—ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ और डॉ. आशिमा—कार्डियोलॉजिस्ट शामिल हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उनकी बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दे रहे हैं।
कैम्प शुरू होते ही जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। सैकड़ों मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श का लाभ लिया। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए यह शिविर खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के लिए अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
सीएमओ ने की अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जनपदवासियों से स्पेशलिस्ट मेडिकल कैम्प का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों को अपने ही जनपद में बेहतर स्वास्थ्य परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध हो।
जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शिविर में आने वाले मरीजों के पंजीकरण, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
तीन दिनों तक चलने वाले इस स्पेशलिस्ट मेडिकल कैम्प में मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिल रहा है। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों की मौजूदगी इस तरह के विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों की आवश्यकता को भी सामने ला रही है।
