बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ उत्तरकाशी में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का फूंका पुतला
उत्तरकाशी
प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस प्रशासन की कथित निष्क्रियता के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि उधम सिंह नगर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ जिस प्रकार दबंगई और अभद्र व्यवहार किया गया, तथा मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही, उसने प्रदेश की कानून-व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
रावत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आज महिलाएं, बुजुर्ग और आम नागरिक सुरक्षित नहीं हैं और सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
रावत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करते हुए अपराधियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और अधिक उग्र एवं व्यापक बनाया जाएगा।
इस पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री व पूर्व जिलाध्यक्ष घनानंद नौटियाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डुंडा कनक पाल सिंह परमार, सूरबीर सिंह राणा, उत्तम सिंह गुसाईं, शीशपाल सिंह पोखरियाल, राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष पपेंद्र नेगी, जिला संयोजक रमन कठेत, सुधेश पंवार, हिमांशु सेमवाल, आदर्श राणा और दीपक नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे।
