गंगोत्री धाम में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत चला व्यापक जागरूकता अभियान, सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों के चालान कटे
उत्तरकाशी /गंगोत्री धाम- स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत नगर पंचायत गंगोत्री द्वारा धाम एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जहां एक ओर स्थानीय व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया, वहीं दूसरी ओर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त चालानी कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान गंगोत्री मार्ग पर गंदगी फैलाते पाए गए यात्रियों के खिलाफ एंटी-लिटरिंग एक्ट के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹1000 का नकद चालान वसूला गया।
चार-बिन (4-Bin) प्रणाली अपनाने और प्लास्टिक मुक्त गंगोत्री की अपील
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन प्रावधानों के तहत नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों और देवदर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं से निम्नलिखित नियमों का पालन करने की अपील की.
प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रतिबंधित एवं सिंगल यूज प्लास्टिक/पॉलीथीन का उपयोग बिल्कुल न करें। कचरे का पृथक्करण: कूड़े को 4-बिन (4-Bin) प्रणाली के तहत अलग-अलग करें और निर्धारित श्रेणियों के अनुसार ही नगर पंचायत के संग्रहण वाहन (कूड़ा गाड़ी) में दें।
खुले में कचरा फेंकने पर रोक
गीले और सूखे कचरे को आपस में न मिलाएं। सड़क, नाली या खुले सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना सख्त मना है।
प्रतिष्ठान व घर के बाहर कूड़ादान अनिवार्य
सभी व्यापारी एवं स्थानीय निवासी अपने घर और प्रतिष्ठान के बाहर अनिवार्य रूप से कूड़ादान रखें तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखें।
जिला गंगा समिति और गंगा विचार मंच की रही सहभागिता
इस स्वच्छता अभियान में नगर पंचायत गंगोत्री के साथ जिला गंगा समिति और गंगा विचार मंच के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला गंगा समिति के जिला संयोजक लोकेंद्र बिष्ट, अधिशासी अधिकारी (EO) जयनंद सेमवाल, पर्यवेक्षक धनराज सिंह, शंकर गुसाईं, पवन बिजल्वाण और मदन सेमवाल सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी एवं पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।
