सकलाना रेंज में वन्यजीव सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर चला जागरूकता अभियान
थत्यूड/सकलाना- जौनपुर ब्लॉक के सकलाना क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह, गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर जनजागरूकता एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। कद्दूखाल में जनजागरूकता अभियान के साथ सुरकंडा मंदिर से कद्दूखाल तक सफाई अभियान चलाया गया। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज मरोड़ा में छात्र-छात्राओं को वन्यजीव सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सकलाना रेंज के कद्दूखाल, ज्वरना और गोठ अनुभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान करीब 60 किलो कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। वन क्षेत्राधिकारी सकलाना रेंज मदन सिंह रावत ने कहा कि पूरे सकलाना रेंज में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम गांव-गांव जाकर मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर लोगों को जागरूक और प्रशिक्षित कर रही है। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए स्वच्छता अभियान भी जारी रहेगा। कार्यक्रम में वन दरोगा कुंवर चंद रमोला, राकेश नेगी, तनुजा, प्यार चंद रमोला, पूर्णा चंद सेमल्टी और हीरा सिंह पंवार सहित वन सुरक्षा कर्मी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
