नैनबाग में सड़क के पेंच भरान कार्य का एसडीएम ने किया निरीक्षण, मानकों के पालन के दिए निर्देश

नैनबाग में सड़क के पेंच भरान कार्य का एसडीएम ने किया निरीक्षण, मानकों के पालन के दिए निर्देश

 

नैनबाग (शिवांश कुंवर)- दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-507 पर नैनबाग क्षेत्र में चल रहे पेंच भरान कार्य में मानकों की अनदेखी के आरोपों के बाद धनोल्टी के उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। बताया गया कि पेंच भरान के बाद सड़क की सतह के दबान के लिए रोलर के बजाय ट्रक के इस्तेमाल को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए थे। मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग के जेई एसपी तिवारी ने कार्य की जानकारी होने से इनकार किया था। वहीं, अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर उसे रुकवाकर निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा कराने की बात कही थी।

 

स्थलीय निरीक्षण के दौरान एसडीएम अंशुल भट्ट ने कहा कि सड़क निर्माण और पेंच भरान जैसे कार्य सीधे तौर पर आमजन की सुरक्षा और सड़क की गुणवत्ता से जुड़े हैं। ऐसे में निर्धारित तकनीकी मानकों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मौके पर कार्य की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, दबान की प्रक्रिया और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन का जायजा लिया। एसडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क पर पेंच भरान का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी मानकों के विपरीत कार्य पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे पेंच भरान कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और सड़क को सुरक्षित एवं टिकाऊ बनाने के लिए निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!