राज्यस्तरीय संस्कृत स्पर्धा के लिए चयनित हुए टिहरी के प्रतिभागी

राज्यस्तरीय संस्कृत स्पर्धा के लिए चयनित हुए टिहरी के प्रतिभागी

देवप्रयाग– 

उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत स्पर्धा-2026 का आयोजन पतंजलि गुरुकुलम्, मूल्याग्राम देवप्रयाग में हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में नौ विकासखंडों के लगभग 900 प्रतिभागियों ने छह प्रकार की स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 23 और 24 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार में आयोजित राज्यस्तरीय संस्कृत स्पर्धा में जनपद टिहरी का प्रतिनिधित्व करेंगे।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी मुख्य अतिथि, ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट विशिष्ट अतिथि तथा संस्कृत शिक्षा के सहायक निदेशक पूर्णानंद भट्ट अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

नाटक स्पर्धा में दर्शन महाविद्यालय, मुनि की रेती ने वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूहगान में पतंजलि गुरुकुलम् ने वरिष्ठ तथा राइका हिण्डोलाखाल ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। संस्कृत समूह नृत्य में नरेंद्र महिला इंटर कॉलेज, भागीरथीपुरम ने वरिष्ठ और पतंजलि गुरुकुलम् ने कनिष्ठ वर्ग में बाजी मारी।

वाद-विवाद स्पर्धा में दर्शन महाविद्यालय के देवेश और अंशुल तथा पतंजलि गुरुकुलम् की जाह्नवी और प्रिया ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। आशुभाषण में दर्शन महाविद्यालय के अक्षित बहुगुणा और केशव तथा श्लोकोच्चारण में कृष्णा उनियाल और पतंजलि गुरुकुलम् की संध्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।

मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडारी ने संस्कृत के वैज्ञानिक महत्व और आधुनिक तकनीक को अपनाने पर जोर दिया। सहायक निदेशक पूर्णानंद भट्ट ने संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार का आह्वान किया, जबकि साध्वी देव श्रुति ने योग, आयुर्वेद और संस्कृतमय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

जनपद संयोजक शैलेन्द्र दत्त डोभाल और सहसंयोजक डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल ने अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों से बेहतर तैयारी कर जनपद का नाम रोशन करने की अपील की।

आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!