‎टिहरी में माहवारी स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, 723 स्थानों पर स्थापित की गईं सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें

‎टिहरी में माहवारी स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, 723 स्थानों पर स्थापित की गईं सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें
‎
‎मात्र ढाई रुपये में उपलब्ध हो रहा सेनेटरी पैड, अधिकांश स्थानों पर इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की भी व्यवस्था
‎
टिहरी

महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुविधा और माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाल विकास विभाग के माध्यम से जनपद में 723 स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इस पहल से महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को जरूरत के समय कम कीमत पर सेनेटरी पैड उपलब्ध हो रहे हैं। साथ ही, इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था कर स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
‎
‎जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों, बालिका विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की अधिक आवाजाही वाले सार्वजनिक स्थानों पर ये मशीनें स्थापित की गई हैं। मशीन से एक सेनेटरी पैड मात्र ढाई रुपये में प्राप्त किया जा सकता है। पांच रुपये का सिक्का डालने पर दो पैड मिलते हैं। इससे जरूरतमंद महिलाओं एवं बालिकाओं को कम कीमत पर आसानी से सेनेटरी पैड उपलब्ध हो रहे हैं।
‎
‎उन्होंने बताया कि माहवारी स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। आवश्यक स्वच्छता सामग्री की सुलभ उपलब्धता से उन्हें सुविधा मिलने के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलती है। मशीनों की उपयोगिता और आवश्यकता के आधार पर भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को इस सुविधा का लाभ मिल सके।
‎
‎सेनेटरी पैड की उपलब्धता के साथ ही इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए अधिकांश स्थानों पर सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीनें (इनसिनरेटर) स्थापित की गई हैं। इन उपकरणों में उच्च तापमान के माध्यम से इस्तेमाल किए गए पैड का निस्तारण किया जाता है। इससे खुले में पैड फेंकने की समस्या कम करने और आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलती है।
‎
‎जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि वेंडिंग मशीनों की नियमित रिफिलिंग और संचालन पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आवश्यकता के समय महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध हो सकें। वेंडिंग मशीनों के साथ निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराने से माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने में भी मदद मिल रही है।
‎
‎जनपद में 723 स्थानों पर इन मशीनों की स्थापना महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। किफायती दर पर सेनेटरी पैड की उपलब्धता और इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था से माहवारी स्वच्छता को सहज बनाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण तैयार करने में मदद मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!