मंत्री खजानदास ने आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
देहरादून- समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर एमडीडीए अधिकारियों के साथ बैठक कर आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट रि-डेवलपमेंट कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को व्यापारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने वर्ष 2013 की शर्तों के अनुरूप शेष व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराने और लंबित एमओयू पूरे करने को कहा। आढ़त बाजार शिफ्टिंग के दौरान रजिस्ट्री में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय बनाकर रजिस्ट्रियों की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क चौड़ीकरण का कार्य समय पर हो सके। गौरतलब है कि सहारनपुर चौक से जुड़े आढ़त बाजार में जाम की समस्या दूर करने के लिए सड़क चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है। इससे प्रभावित व्यापारियों को आईएसबीटी के पास विस्थापित किया जाना है। बैठक में एमडीडीए उपाध्यक्ष वंशीधर तिवारी ने बताया कि श्री शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के पार्कों का सौंदर्यीकरण कर वहां बेंच उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में इंदिरा मार्केट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार गुरभेज सिंह, सचिव जगदीश प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।A


