भुगतान के आश्वासन पर ठेकेदारों ने 29 अक्टूबर तक टाली हड़ताल, मांग पूरी नहीं हुई तो 30 अक्टूबर से फिर आंदोलन

भुगतान के आश्वासन पर ठेकेदारों ने 29 अक्टूबर तक टाली हड़ताल, मांग पूरी नहीं हुई तो 30 अक्टूबर से फिर आंदोलन

देहरादून– देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत बुधवार को एसडब्ल्यूएसएम कार्यालय, इंदर रोड पर ठेकेदारों का धरना जारी रहा। इस दौरान ठेकेदारों ने भुगतान न होने पर नाराजगी जताते हुए सभी परियोजनाओं के टेंडर बंद करने और पानी की आपूर्ति रोकने की चेतावनी दी।

ठेकेदारों की सचिवालय कूच की योजना के बीच शासन की ओर से संगठन के पांच प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने सचिव पेयजल रणवीर सिंह चौहान के साथ बैठक की, लेकिन वार्ता से संतुष्ट नहीं होने पर ठेकेदार सचिवालय से वापस धरनास्थल पहुंच गए।

इसके बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन के साथ ठेकेदारों की बैठक हुई। मुख्य सचिव ने बताया कि भुगतान के संबंध में केंद्र सरकार से बात की गई है और जल्द भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि तीन दिन के भीतर ठेकेदारों की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कराई जाएगी।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि आश्वासन के बाद ठेकेदारों ने 29 अक्टूबर 2026 तक भुगतान का इंतजार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय तक भुगतान नहीं हुआ, तो 30 अक्टूबर 2026 से हड़ताल दोबारा शुरू की जाएगी। इस बार आंदोलन में प्रदेशभर के ठेकेदारों और मजदूरों को शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!