किशोर भट्ट ने CM धामी से की मुलाकात, गाजणा-कमद से देहरादून के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की उठाई मांग
देहरादून(अमित नौटियाल)- गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के गाजणा-कमद इलाके में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने देहरादून से गाजणा क्षेत्र के कमद तक उत्तराखंड परिवहन निगम की सीधी बस सेवा शुरू करने का आग्रह किया।
किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गाजणा क्षेत्र भौगोलिक रूप से काफी विस्तृत है और टिहरी जनपद की सीमा से भी सटा हुआ है। इसके बावजूद क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों को देहरादून और ऋषिकेश आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार चार से पांच घंटे का सफर तय करने में भी लोगों का पूरा दिन निकल जाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वयं ग्रामीणों की इस समस्या को महसूस किया। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी उनसे देहरादून के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई थी। इस पर उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि वह इस समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान किशोर भट्ट ने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और आम यात्रियों की सुविधा का मुद्दा उठाते हुए देहरादून से कमद तक रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सीधी बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और उनकी समय और संसाधनों की बचत होगी। किशोर भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मांग पर जनहित में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को इस संबंध में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस पहल के बाद गाजणा-कमद क्षेत्र को देहरादून से सीधी रोडवेज बस सेवा की सुविधा मिल सकेगी और लंबे समय से चली आ रही परिवहन संबंधी समस्या का समाधान होगा।


