जौनपुर के कैंपटी और नैनबाग में पूर्ति विभाग का औचक निरीक्षण, दो राशन दुकानों को नोटिस जारी करने के निर्देश
नैनबाग (शिवांश कुंवर): जिलाधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी के आदेश के अनुपालन में आज जौनपुर के कैम्पटी तथा नैनबाग क्षेत्र में पेट्रोल पंप, राजकीय खाद्यान्न गोदाम एवं सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। पेट्रोल पंप में ईंधन की गुणवत्ता व मात्रा की जांच करने पर परिणाम नियमानुसार पाए गए तथा पेयजल, शौचालय की व्यवस्थाएं भी दुरुस्त पाई गईं। खाद्य गोदाम कैंपटी में खाद्यान्न का नियमानुसार रखरखाव होता पाया गया।
कैंपटी क्षेत्र में दो सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों पर रेट तथा स्टॉक बोर्ड अद्यतन नहीं पाए जाने पर विक्रेताओं को तत्काल रुप से उन्हें अद्यतन करने तथा पूर्ति निरीक्षक कैंपटी को विक्रेताओं को नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया गया। खाद्यान्न वितरण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक साह व पूर्ति निरीक्षक चित्रा कोठियाल द्वारा कैंपटी तथा पूर्ति निरीक्षक प्रवीन सेमवाल द्वारा नैनबाग क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक साह द्वारा बताया गया कि औचक निरीक्षण तथा प्रवर्तन कार्य हेतु टीम गठित की गई है जो आगे भी कार्यवाही जारी रखेगी।


