कैशलेस इलाज और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार से मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं- मनवीर सिंह चौहान
देहरादून- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा अनुपूरक बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के लिए किए गए प्रावधानों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने आम नागरिकों, राज्य कर्मचारियों और भविष्य के चिकित्सकों, सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शी निर्णय लिए हैं। मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में कैशलेस चिकित्सा सुविधाओं को निरंतर जारी रखने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु ₹225 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसमें अटल आयुष्मान योजना के लिए ₹100 करोड़ और कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड के लिए ₹125 करोड़ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर बीमारियों के इलाज में आने वाले भारी खर्च से परिवारों को राहत मिलेगी और कर्मचारियों को भी निरंतर कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती रहेगी। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों तथा नर्सिंग कॉलेजों के लिए पूंजीगत मद में करीब ₹160 करोड़ रखे गए हैं। मनवीर चौहान ने कहा कि इससे पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। कहा कि धामी सरकार का ध्येय अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाना है। एक ओर कैशलेस इलाज की योजनाओं को वित्तीय मजबूती दी जा रही है, तो दूसरी ओर चिकित्सा शिक्षा का ढाँचा भी सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूरी राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।


