SSP प्रमेन्द्र डोबाल का अपराधियों पर करारा प्रहार: देहरादून में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चोरों के पैर में लगी गोली

SSP प्रमेन्द्र डोबाल का अपराधियों पर करारा प्रहार: देहरादून में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चोरों के पैर में लगी गोली

चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे बदमाश 

 

देहरादून- राजधानी देहरादून में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पटेलनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें जवाबी फायरिंग के दौरान दो शातिर बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में पूर्व में चोरी व नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश दोबारा देहरादून पहुंचे हैं और बंद मकानों की रेकी कर रहे हैं।

सूचना पर पुलिस ने नया गांव क्षेत्र में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान सिंहनीवाला की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो भुड़पुर की ओर जाते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस के सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

भागने के दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल कच्चे रास्ते पर अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पीछा कर रही पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई।

घायल बदमाशों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास (35 वर्ष), निवासी बड़ी मस्जिद के पास, रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार और शहजाद पुत्र इकलाख (40 वर्ष), निवासी कब्रिस्तान के पास, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है।

हथियार और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। बताया जा रहा है कि पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने बाइक पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।

पूछताछ में कई चोरी की वारदातों का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में शाम के समय बंद मकानों की रेकी कर चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। चोरी किए गए सामान को उन्होंने हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दिया था। दोनों आरोपी एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम देने के इरादे से हरिद्वार से देहरादून आए थे और बंद मकानों की रेकी कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम पर हमले का मुकदमा दर्ज

पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 827/26, धारा 109(1) बीएनएस और 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं, चोरी के माल की बरामदगी और उनके अन्य आपराधिक संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!