वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि रोकथाम और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों को किया जागरूक

वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि रोकथाम और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों को किया जागरूक 

 

थत्यूड़/सकलाना-  जौनपुर विकासखंड के सकलाना क्षेत्र के सत्यों (चौकलिया) में वन विभाग सकलाना रेंज की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि की रोकथाम, प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर अनुभाग अधिकारी प्यार चंद रमोला ने ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण एवं वनाग्नि से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वनों को आग से बचाना और वन्यजीवों का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन सुरक्षित रहेंगे, तभी पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।

वहीं, वन बीट अधिकारी हीरा सिंह पंवार ने प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि लगातार विलुप्त हो रहे जलस्रोतों को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।

सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने कहा कि पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य और जिम्मेदारी है।

गोष्ठी में प्रदीप नेगी, सुनीता पंवार, रोहित, केंद्र सिंह, रमेश, श्रीमती शौकिना देवी, रखी देवी सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!