आदर्श दुर्गा महिला रामलीला के 9वें दिन रावण-विभीषण और रावण-अंगद संवाद का मंचन, नारी सशक्तिकरण की मिसाल बनीं कलाकार
देहरादून- नकरौंदा स्थित आदर्श दुर्गा महिला रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के 9वें दिन शनिवार को दर्शकों को भावपूर्ण और सशक्त अभिनय की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मंच पर रावण-विभीषण संवाद तथा रावण-अंगद संवाद का जीवंत और ओजस्वी मंचन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से सराहा।
रामलीला में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने लंकापति रावण का सशक्त और प्रभावी अभिनय कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। वहीं विभीषण के रूप में प्रीति खंडूड़ी ने नीति और धर्म का पक्ष रखते हुए बेहद भावुक व प्रभावशाली अभिनय पेश किया। श्री राम के दूत अंगद की भूमिका में बबीता रावत ने अपने ओजस्वी संवादों और अटल अभिनय से रावण के दरबार के दृश्य को जीवंत कर दिया। तीनों कलाकारों के संवाद अदायगी और अभिनय ने पूरे माहौल को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
सांस्कृतिक धरोहर के साथ नारी शक्ति का संदेश
रामलीला समिति की संरक्षक एवं रावण का किरदार निभा रहीं सुलोचना ईष्टवाल ने इस अवसर पर कहा कि ”हमारी आदर्श दुर्गा महिला रामलीला का मुख्य उद्देश्य धर्म और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ समाज को नारी शक्ति के सामर्थ्य से परिचित कराना है। प्राचीन काल से रामलीला हमारे समाज की रीढ़ और सांस्कृतिक पहचान रही है। आज जब महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रसर हैं, तो मंच पर महाकाव्य के इन जटिल एवं प्रभावकारी किरदारों को जीवंत कर वे यह साबित कर रही हैं कि हमारी बहनें-बेटियां किसी भी भूमिका में खुद को ढाल सकती हैं। यह प्रयास सिर्फ अभिनय नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।”
कार्यक्रम में नकरौंदा एवं आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे मंचन के दौरान दर्शक कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय पर तालियां बजाते रहे और अंत तक मंच से जुड़े रहे। समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों एवं दर्शकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


