उत्तराखंड क्रांति दल ने कालाढूंगी विधानसभा से तारा सिंह नेगी को बनाया प्रत्याशी

उत्तराखंड क्रांति दल ने कालाढूंगी विधानसभा से तारा सिंह नेगी को बनाया प्रत्याशी

केंद्रीय अध्यक्ष बोले—पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगा दल, पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेंगे

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने अपनी चुनावी तैयारियों को गति देते हुए आज केंद्रीय कार्यालय में कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र से तारा सिंह नेगी को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती, संगठनात्मक एकजुटता और स्पष्ट राजनीतिक संकल्प के साथ लड़ेगा। दल का लक्ष्य प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के सामने अब क्षेत्रीय अस्मिता, मूल निवास, भू-कानून, रोजगार, पलायन और प्रदेश के संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार जैसे बुनियादी सवाल हैं। इन सवालों का राजनीतिक समाधान उत्तराखंड की अपनी क्षेत्रीय ताकत को मजबूत किए बिना संभव नहीं है। उक्रांद इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा और चुनाव को उत्तराखंड के वास्तविक सवालों पर केंद्रित करेगा।

दल ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही चुनावी तैयारियों को और तेज किया जाएगा। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से सीधे संवाद के आधार पर चुनावी अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रेस वार्ता में केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, कुमाऊं प्रभारी एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष बहादुर सिंह रावत, महामंत्री विजय बौड़ाई, विधि प्रकोष्ठ प्रभारी राकेश बिंजोला तथा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप चौहान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!