बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने के लिए उत्तरकाशी में सांस अभियान का आगाज 

 

बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने के लिए उत्तरकाशी में सांस अभियान का आगाज 

उत्तरकाशी

बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने तथा बाल स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में जनपद उत्तरकाशी में सांस (SAANS) कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल के मार्गदर्शन में जिला महिला चिकित्सालय, उत्तरकाशी के एसएनसीयू वार्ड में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अभियान की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने बताया कि यह अभियान 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से अभिभावकों एवं आमजन को बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान, समय पर उपचार, रोकथाम एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही उनके द्वारा एस एन सी यू वार्ड का निरीक्षण किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. तान्या ने निमोनिया के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों में निमोनिया एक गंभीर श्वसन संक्रमण हो सकता है, जिसकी समय पर पहचान एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई, छाती का अंदर धंसना, खांसी एवं बुखार जैसे लक्षणों के प्रति अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि बच्चों में सांस संबंधी परेशानी अथवा निमोनिया के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार या लापरवाही में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लेना चाहिए।

उन्होंने बच्चों के नियमित टीकाकरण, छह माह तक केवल स्तनपान, उचित पोषण, स्वच्छता तथा धुएं एवं वायु प्रदूषण से बचाव को निमोनिया की रोकथाम में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों एवं आमजन से इस अभियान के संदेश को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में नर्सिंग अधिकारी गिरीश उनियाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन एच एम हरदेव राणा, क्वालिटी मैनेजर शंकर नौटियाल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!