.
धरती आबा जनजातीय गौरव दिवस पर वीरपुर में ग्रामीणों को दी सरकारी योजनाओं की जानकारी, नशामुक्ति का लिया संकल्प
ग्राम प्रधान जमुना नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक, डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने ग्रामीणों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
उत्तरकाशी
धरती आबा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विकासखंड डुंडा के ग्राम सभा वीरपुर में ग्राम प्रधान जमुना नेगी की अध्यक्षता में एक विशेष जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से बताया गया, ताकि गांव का प्रत्येक पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सके।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाना रहा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी साझा की।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को भी सुना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में डुंडा ब्लाक प्रमुख राजदीप परमार द्वारा ग्रामवासियों को नशा मुक्त करने की शपथ दिलाई.ब्लाक प्रमुख राजदीप परमार ने कहा. नशामुक्त गांव और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेना अत्यधिक जरूरी है.आयोजकों ने भी सभी ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की अपील की।

बैठक में सहायक समाज कल्याण अधिकारी गणेश जोशी, समाज कल्याण विभाग के प्रशासनिक अधिकारी अंगद नेगी, उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक आकाश महंत, पशुपालन विभाग के प्रतिनिधि, बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर अर्चना चौहान, उद्यान विभाग की सहायक अधिकारी योगिता, जलागम विभाग के एमडीटी, ग्राम विकास अधिकारी अजीत गुसाईं, ग्राम पंचायत अधिकारी ओम प्रकाश जोशी, ग्राम प्रधान जमुना नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीना राणा, पूर्व ग्राम प्रधान राजेश नेगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।


