कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रेंजर्स ग्राउंड में स्वदेशी महोत्सव में प्रतिभाग कर, विभिन्न स्टॉलों का किया अवलोकन

स्वदेशी महोत्सव उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक : गणेश जोशी

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रेंजर्स ग्राउंड में स्वदेशी महोत्सव में प्रतिभाग कर, विभिन्न स्टॉलों का किया अवलोकन

देहरादून

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में स्मृति विकास संस्थान द्वारा आयोजित स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखण्ड विकास प्रदर्शनी) में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक वस्तुओं की सराहना की।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की आत्मा, संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का जीवंत दर्शन है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का अर्थ केवल स्थानीय उत्पादों को खरीदना नहीं है, बल्कि अपने गांव, अपनी संस्कृति और अपनी परंपराओं पर गर्व करना भी है। स्वदेशी का अर्थ है अपने हाथों से बने उत्पादों का सम्मान करना और किसानों, कारीगरों तथा मातृशक्ति के परिश्रम को पहचान देना।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पहाड़ का मंडुवा, झंगोरा, गहत, पारंपरिक टोपी, शॉल, ऐपण कला, बांस से बने उत्पाद, जैविक शहद और जड़ी-बूटियां उत्तराखण्ड की वास्तविक पहचान हैं। इन स्थानीय उत्पादों में हमारी संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत समाहित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान ने स्वदेशी उत्पादों को नई पहचान और प्रोत्साहन दिया है। ऐसे महोत्सव इस संकल्प को धरातल पर उतारने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आयोजकों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की।

इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह, परमार चौधरी, पूनम नौटियाल, मदन सिंह, दिनेश रतूड़ी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!