उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में पहली बार होगा भव्य श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, 18 नवंबर से सात दिवसीयधार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ
पंचकुंडीय महायज्ञ के साथ होगी श्रीमद्भागवत कथा, गौ प्रतिष्ठा और कन्याओं के विवाह का भी होगा आयोजन; तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
उत्तरकाशी- धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी उत्तरकाशी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में पहली बार भव्य श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। पंच कुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ एवं गौ प्रतिष्ठा समिति तथा सौम्य काशी ब्राह्मण सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण गौ प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 18 नवंबर से शुरू होने वाले इस सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आयोजन को लेकर रामलीला मैदान में समिति की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर से 24 नवंबर तक सात दिवसीय पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में पहली बार इस प्रकार के भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।
इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के साथ श्रीमद्भागवत कथा का वाचन भी किया जाएगा। इसके साथ ही गौ प्रतिष्ठा का विशेष धार्मिक अनुष्ठान और कन्याओं के विवाह का आयोजन भी प्रस्तावित है। इससे यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा रहेगा।
समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी जनता से इस महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है।
पत्रकार वार्ता के दौरान सचिव भूपेश कुड़ियाल, विजय सेमवाल, प्रेम सिंह पंवार, विजय भट्ट, दिवाकर नैथानी, कमल बिजल्वाण, सुनील भट्ट, आदेश सेमवाल सहित अनेक ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।


