मसूरी से इंदिरा गांधी का था खास लगाव, पहाड़ों की खूबसूरती बचाने के लिए निभाई अहम भूमिका

मसूरी से इंदिरा गांधी का था खास लगाव, पहाड़ों की खूबसूरती बचाने के लिए निभाई अहम भूमिका

मसूरी- देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी के नाम से विख्यात स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर 19 नवंबर को पहाड़ों की रानी मसूरी से जुड़ी उनकी यादें एक बार फिर ताजा हो गईं। इतिहासकार गोपाल भारद्वाज ने इंदिरा गांधी के मसूरी से विशेष लगाव और शहर के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक जानकारियां साझा कीं।
गोपाल भारद्वाज के अनुसार, इंदिरा गांधी का मसूरी से रिश्ता बचपन से ही रहा। वह अपने पिता पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ कई बार मसूरी आईं। नेहरू परिवार का पहाड़ों की रानी से विशेष जुड़ाव था। इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए भी मसूरी का दौरा किया। वर्ष 1972 में राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के नामकरण समारोह और इसके बाद 1980 तथा 1982 के दौरान उनके मसूरी आगमन का उल्लेख मिलता है।
भारद्वाज ने बताया कि इंदिरा गांधी का मसूरी के प्रति लगाव केवल यहां की प्राकृतिक सुंदरता तक सीमित नहीं था, बल्कि वह यहां के पर्यावरण और भविष्य को लेकर भी चिंतित थीं। उस दौर में मसूरी की पहाड़ियों में बड़े पैमाने पर चूना पत्थर का खनन हो रहा था, जिससे पहाड़ों की हरियाली और प्राकृतिक संतुलन पर गंभीर खतरा पैदा हो गया था। इंदिरा गांधी ने खनन पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की और मसूरी की पहाड़ियों तथा पर्यावरण को बचाने की दिशा में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने तिब्बती समुदाय के प्रति भी अपनी संवेदनशीलता दिखाई। वर्ष 1980 में मसूरी दौरे के दौरान उन्होंने तिब्बतन होम्स फाउंडेशन और वहां स्थापित केंद्रीय विद्यालय का निरीक्षण किया तथा बच्चों से मुलाकात की।
इतिहासकार गोपाल भारद्वाज ने कहा कि मसूरी के इतिहास में इंदिरा गांधी का योगदान और उनका जुड़ाव हमेशा याद रखा जाएगा। आज जब मसूरी पर्यावरणीय चुनौतियों और अनियंत्रित निर्माण जैसी समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे में उनके द्वारा पहाड़ों की खूबसूरती और प्राकृतिक विरासत को बचाने के लिए किए गए प्रयासों को याद करना बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!