मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट के प्रयासों से गाजणा क्षेत्र को मिलेगी सीधी रोडवेज बस सेवा
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी होने की ओर
मैं आपका हूं, आपके लिए हूं, जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत– किशोर भट्ट
धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़
उत्तरकाशी- उत्तरकाशी के गाजणा-कमद क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से देहरादून और ऋषिकेश के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा की मांग अब पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट के प्रयासों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम ने बस संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। बस का ट्रायल रन भी किया जा चुका है। जल्द ही क्षेत्रवासियों को सीधी बस सेवा की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, पिछले कुछ महीनों के दौरान गाजणा क्षेत्र के भ्रमण और जनसंवाद के दौरान किशोर भट्ट को स्थानीय ग्रामीणों ने सार्वजनिक परिवहन की समस्या से अवगत कराया था। ग्रामीणों ने बताया था कि देहरादून और ऋषिकेश से क्षेत्र के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा नहीं होने के कारण उन्हें आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।क्षेत्र के हजारों ग्रामीण, नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी और प्रवासी रोजमर्रा के कामों के लिए देहरादून और ऋषिकेश आते-जाते हैं। ऐसे में सीधी परिवहन सुविधा नहीं होने से लोगों को अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को अधिक दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए किशोर भट्ट को ज्ञापन सौंपते हुए देहरादून से गाजणा क्षेत्र के कमद तक सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू कराने की मांग की थी।
किशोर भट्ट ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि उनकी मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।इसके बाद किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और सार्वजनिक परिवहन के अभाव में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद परिवहन निगम ने बस सेवा शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की। अब बस संचालन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और ट्रायल रन भी संपन्न हो गया है। इससे जल्द ही गाजणा-कमद क्षेत्र के लोगों को देहरादून और ऋषिकेश के लिए सीधी परिवहन सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने कहा कि आमजन की मांग पूरी होना उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का सम्मान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जिस भरोसे के साथ अपनी समस्या उनके सामने रखी थी, उसका समाधान कराना उनकी जिम्मेदारी थी। किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि एक जनसेवक के रूप में उनका प्रयास हमेशा यही रहता है कि जनता की आवाज सरकार तक पहुंचे और समस्याओं का समाधान हो।


