पंचकुंडीय महायज्ञ व भागवत कथा के छठे दिन हुआ कंस वध प्रसंग, दो निर्धन कन्याओं का कराया गया निःशुल्क विवाह
उत्तरकाशी
धार्मिक नगरी उत्तरकाशी के मणिकर्णिका घाट पर आयोजित श्री पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिवस भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा व्यास आचार्य सूर्यकांत बलूनी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, कंस वध, गोपियों संग महारास तथा भक्तों के प्रति भगवान के प्रेम का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। इसके साथ ही आयोजन समिति की ओर से सामाजिक सरोकार निभाते हुए दो निर्धन कन्याओं का निःशुल्क पाणिग्रहण संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।
छठे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः बद्री गौमाता के पूजन और वंदन के साथ हुआ। कथा के दौरान आचार्य सूर्यकांत बलूनी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें धर्म, प्रेम, भक्ति और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उत्तरकाशी में पहली बार हो रहे इस पंचकुंडीय महायज्ञ से जन-जन में आध्यात्मिक चेतना का संचार हो रहा है और निर्धन कन्याओं का विवाह करवाना समाज के लिए एक अनुकरणीय पहल है।
*ये जोड़े बंधे परिणय सूत्र में.*
महायज्ञ के पावन अवसर पर ग्राम गजोली निवासी अरविन्द (पुत्र मथुरा प्रसाद खण्डूड़ी एवं भवानी) का विवाह ग्राम गणेशपुर निवासी वंदना (पुत्री कमला राम बधानी) के साथ संपन्न हुआ। वहीं, ग्राम उदालका निवासी विकास गैरोला (पुत्र सुन्दरलाल एवं माया देवी) ने ग्राम मस्ताड़ी निवासी प्रभाती (पुत्री विनोद सेमवाल एवं सीता देवी) के साथ सात फेरे लिए। समिति की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को बड़ा संबल मिला।
समिति के महासचिव भूपेश कुड़ियाल ने बताया कि 24 नवंबर को श्रीमद्भागवत कथा का सप्तम दिवस एवं समापन होगा, जिसमें व्यास जी कथा महात्म्य का वर्णन करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों से अपील की है कि जो श्रद्धालु बीते छह दिनों में कथा नहीं सुन पाए हैं, वे अंतिम दिन पहुंचकर कथा महात्म्य का श्रवण अवश्य करें। मान्यता है कि इसके श्रवण मात्र से संपूर्ण भागवत कथा का पुण्यफल प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
आयोजन में मुख्य यजमान डॉ. हरिशंकर नौटियाल, उनकी धर्मपत्नी रुक्मणी नौटियाल, डॉ. भगवन नौटियाल, एडवोकेट पवन नौटियाल, एडवोकेट सुमन नौटियाल सहित 51 यजमानों ने सहभागिता की। इस मौके पर यज्ञ के मुख्य आचार्य प्रमोद केमनी, कथा समिति के परमाध्यक्ष स्वामी राघवानंददास महाराज, कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व चारधाम उपाध्यक्ष सूरतराम नौटियाल, पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, ब्राह्मण सभा अध्यक्ष आचार्य बुद्धि प्रसाद नौटियाल, डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, अजय बड़ोला, आचार्य अनिल बहुगुणा, राघव उनियाल, परमेश्वर नौटियाल और आचार्य रामगोपाल पैन्यूली समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


