श्रीकोट में 16 दिसंबर से शुरू होगा तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र मिलन समारोह, 17 को सीएम धामी के पहुंचने की उम्मीद
नैनबाग
नैनबाग के राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोट में 16 से 18 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र मिलन समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विद्यालय के इस विशेष आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। समारोह में पुरातन छात्रों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर शिक्षकों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए उपस्थित लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। 17 दिसंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संभावित आगमन को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने और सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
अभिभावक संघ के अध्यक्ष उपेंद्र बिष्ट ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि 16, 17 और 18 दिसंबर को आयोजित होने वाला पुरातन छात्र सम्मेलन पूरे क्षेत्र का अपना कार्यक्रम है। इसे सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्रवासियों की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपना समय देकर और आपसी सहयोग से इस आयोजन को यादगार बनाने में योगदान दें। उन्होंने उम्मीद जताई कि 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का सामूहिक प्रयास है, इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना चाहिए।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जेपी नौटियाल ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोट में आयोजित होने वाले पुरातन छात्र सम्मेलन एवं वार्षिकोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन की उम्मीद है। कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए सभी लोग एकजुट होकर आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजन को यादगार बनाया जाएगा।
घनश्याम उनियाल ने कहा कि बैठक में पूरे क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया और आयोजन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी मुख्यमंत्री को क्षेत्र के कार्यक्रमों में आमंत्रित करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन उनका आगमन नहीं हो पाया। इस बार क्षेत्रवासियों को पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्रीकोट पहुंचकर उनके इस सपने को साकार करेंगे।
पूर्व प्रधान अनूप थपलियाल ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोट में पिछले एक महीने से वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। लगातार बैठकें आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। आगामी 16, 17 और 18 दिसंबर को आयोजित होने वाले इस समारोह की तिथियां पुरातन छात्रों एवं शिक्षकों की सहमति से तय की गई हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने सभी पुरातन छात्रों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि अब तक लगभग 1800 पूर्व छात्रों की सूची तैयार हो चुकी है। राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोट से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे सभी पूर्व छात्र, विशेषकर सेना और पुलिस में कार्यरत छात्र, इस समारोह में जरूर शामिल हों। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 से लेकर अब तक के पूर्व छात्र और विद्यालय में सेवाएं दे चुके शिक्षक भी इस आयोजन में प्रतिभाग करेंगे। यह सभी के लिए पुराने साथियों और गुरुजनों से मिलने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं पुरातन छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने की अपील की।


