टिहरी की नव नियुक्त एसएसपी सरिता डोभाल ने संभाला कार्यभार
कानून-व्यवस्था मजबूत करना पहली प्राथमिकता: एसएसपी सरिता डोभाल

पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई। सलामी ग्रहण करने के बाद एसएसपी ने जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली।
इसके बाद एसएसपी सरिता डोभाल ने जनपद मुख्यालय के पत्रकारों से मुलाकात कर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों को न्याय दिलाना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाएगा और जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी और अधिक मजबूत किया जाएगा।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार आमजन के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और मित्रवत होना चाहिए। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) संजीवा कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नई टिहरी ऐश्वर्य पाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चंबा विपिन बहुगुणा सहित पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


