पौड़ी: रिखणीखाल के कलवाड़ी गांव के पास भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा वाहन; 8 लोगों की मौत, 4 घायल रेस्क्यू

पौड़ी: रिखणीखाल के कलवाड़ी गांव के पास भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा वाहन; 8 लोगों की मौत, 4 घायल रेस्क्यू

रिखणीखाल/पौड़ी गढ़वाल- पौड़ी गढ़वाल जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के समीप यात्रियों से भरा एक इको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 नवंबर 2026 को रिखणीखाल थाने को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गया है। वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था और उसमें कुल 12 लोग सवार थे।

सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सभी मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जनपद के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!