हरिद्वार में इंडियनऑयल के पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला HILANS नॉन-फ्यूल रिटेल स्टोर शुरू
हरिद्वार में इंडियनऑयल के पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला HILANS नॉन-फ्यूल रिटेल स्टोर शुरू
हरिद्वार
ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर का बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए माया फ्यूल्स, इंडियनऑयल रिटेल आउटलेट, बहादराबाद (हरिद्वार) में प्रदेश के प्रथम HILANS नॉन-फ्यूल रिटेल (NFR) स्टोर का शुभारंभ किया गया। यह स्टोर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) एवं ग्रामोत्थान परियोजना (REAP), उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से स्थापित किया गया है।
ग्रामोत्थान परियोजना (REAP) उत्तराखंड ग्राम्य विकास समिति (UGVS) द्वारा अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष (IFAD) के सहयोग से संचालित एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों एवं सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता, मूल्य संवर्धन, विपणन तथा स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
नव स्थापित HILANS स्टोर पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार कुकीज़, मल्टीग्रेन आटा, शहद, ऑर्गेनिक गुड़, देसी घी, धूप कोन, जूट बैग, हर्बल साबुन सहित अनेक स्थानीय एवं मूल्य संवर्धित उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। यह स्टोर ग्रामीण उत्पादकों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्रा, परियोजना निदेशक सुश्री झरना कमठान, HR महेंद्र सिंह यादव , इंडियनऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं स्टेट हेड (उत्तराखंड एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश) श्री राजीव श्रेष्ठ, स्टेट रिटेल हेड श्री संजय सेमवाल, जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय सक्सेना, सहायक प्रबंधक श्री अमित शर्मा, श्री कम सिंह एवं श्री शिव शंकर बिष्ट सहित रीप हरिद्वार की जिला टीम एवं इंडियनऑयल के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक सुश्री झरना कमठान ने कहा कि HILANS स्टोर ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साझेदारियां महिला उद्यमिता को नई पहचान देंगी तथा ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करेंगी।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को संगठित विपणन मंच उपलब्ध कराना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मॉडल भविष्य में अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय सक्सेना ने बताया कि HILANS स्टोर स्वयं सहायता समूहों एवं सामुदायिक उद्यमों द्वारा निर्मित उत्पादों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी ब्रांडिंग, गुणवत्ता एवं विपणन को भी नई दिशा प्रदान करेगा।
यह पहल उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने तथा ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
