गंभीर स्थिति में जीवन बचाने में सफल रहा जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी, 15 दिन बाद स्वस्थ होकर घर लौटे अतुल
गंभीर स्थिति में जीवन बचाने में सफल रहा जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी, 15 दिन बाद स्वस्थ होकर घर लौटे अतुल
उत्तरकाशी
जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विगत 15 दिनों से भर्ती मुजफ्फरनगर निवासी अतुल आज पूर्णतः स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए। अतुल जनपद मुख्यालय में लेबर का कार्य करते हैं। लगभग 15 दिन पूर्व कार्य के दौरान अचानक उनके पेट में सरिया घुस जाने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अत्यधिक रक्तस्राव एवं गंभीर स्थिति के कारण उनका जीवन संकट में पड़ गया था।
जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ पी एस पोखरियाल ने बताया कि 08 मई की रात्रि लगभग 10 बजे मरीज के परिजनों द्वारा उच्च संस्थान रेफर करने हेतु एम्बुलेंस व्यवस्था के लिए उनसे संपर्क किया गया। मरीज की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि उच्च संस्थान पहुंचने में अधिक समय लग सकता है, जिससे मरीज की जान को खतरा हो सकता है। इसलिए तत्काल जिला चिकित्सालय में ही उपचार प्रारंभ करना अधिक उचित रहेगा।
इसके बाद चिकित्सकों एवं स्टाफ ने बिना समय गंवाए उपचार शुरू किया। डॉ लोकेश, डॉ आस्था, कविता एवं समस्त चिकित्सा स्टाफ द्वारा मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए त्वरित उपचार प्रदान किया गया। सरिया पेट में घुसने के कारण मरीज के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था तथा उनका ब्लड प्रेशर काफी गिर गया था, जिससे वे शॉक की स्थिति में चले गए। उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती किया गया।
ब्लड प्रेशर सामान्य होने के बाद सर्जन डॉ के पी सिंह द्वारा सफलतापूर्वक आंतों का ऑपरेशन किया गया। लगातार 15 दिनों तक चिकित्सालय के चिकित्सकों एवं स्टाफ की तन्मयता, समर्पण और बेहतर देखरेख के परिणामस्वरूप आज मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट रहा है।
प्रमुख अधीक्षक डॉ पोखरियाल ने मरीज की देखभाल में लगे समस्त चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सालय के सभी स्टाफ को ऐसे समर्पित कार्यों से प्रेरणा लेकर मरीजों की सेवा भावना को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी सीमित संसाधनों के बावजूद गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
