जिलाधिकारी ने धात्री स्वायत्त सहकारिता का किया निरीक्षण, महिला समूहों के कार्यों की सराहना
जिलाधिकारी ने धात्री स्वायत्त सहकारिता का किया निरीक्षण, महिला समूहों के कार्यों की सराहना
कैम्पटी- जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड जौनपुर क्षेत्र के कैम्पटी स्थित ‘धात्री स्वायत्त सहकारिता’ का निरीक्षण कर स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे स्थानीय आजीविका और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान धात्री स्वायत्त सहकारिता के संचालक विरेन्द्र वर्मा ने जिलाधिकारी को बताया कि यह पहल मसूरी वन प्रभाग के अंतर्गत लखवाड़ बांध कैट प्लान के माध्यम से संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से सिया गांव, जेठू की काण्डी (काण्डीखाल), काण्डी, डिगोन सहित आसपास के अनेक गांवों की महिलाएं पहाड़ी दालें, पारंपरिक मसाले, विभिन्न प्रकार के अचार, झंगोरा, मंडुवा आटा, चटनियां, बुरांश, नींबू एवं आंवला जूस, फलों का जैम, भीमल, रीठा और आंवले से तैयार बिना रसायन वाला सूखा शैंपू, मंडुवा-झंगोरा बर्फी एवं लड्डू, रिंगाल से बने आकर्षक हस्तशिल्प उत्पाद सहित कई स्थानीय उत्पाद तैयार कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तिमला, बेडू, किनगोड़, हिंसर, काली हिंसर, टिमरू, कड़ी पत्ता, भीमल, आंवला, रीठा, बिच्छूघास और तेजपात जैसे वन उत्पाद प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। इनका वैज्ञानिक ढंग से संग्रहण कर महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके बाद मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार कर बाजार तक पहुंचाए जा रहे हैं।
इसके अलावा धात्री स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से अनेक गांवों की महिलाओं को ढींगरी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण भी दिया गया है। महिलाओं द्वारा तैयार किया गया ढींगरी मशरूम का अचार उपभोक्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों पर आधारित ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने धात्री स्वायत्त सहकारिता के संचालक विरेन्द्र वर्मा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, भाजपा नेता राजेश सजवाण उपस्थित रहे।
