उत्तरकाशीउत्तराखंड

NEET परीक्षा को लेकर उत्तरकाशी पुलिस-प्रशासन मुस्तैद, SP कमलेश उपाध्याय ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण.

 

NEET परीक्षा को लेकर उत्तरकाशी पुलिस-प्रशासन मुस्तैद, SP कमलेश उपाध्याय ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण.

 

 

 

होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की होगी नियमित चेकिंग, संदिग्धों पर रहेगी पैनी नजर

 

सघन चेकिंग और मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को मिलेगा प्रवेश.

 

उत्तरकाशी

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ केंद्रीय विद्यालय मनेरा स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

 

छात्र-छात्राओं के प्रवेश व निकास मार्गों, परीक्षा कक्षों और सीटिंग अरेंजमेंट (बैठने की व्यवस्था) का भौतिक सत्यापन किया। सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए पहले से ही पुख्ता तैयारी रखी जाए।

 

 

*एलआईयू और एसओजी को सतर्क रहने के निर्देश*

 

 

परीक्षा की गोपनीयता को बनाए रखने के लिए एसपी कमलेश उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ-साथ स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) और एसओजी (SOG) को जिले भर में सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा को प्रभावित करने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए जिले के सभी होटलों, ढाबों, धर्मशालाओं और होमस्टे की नियमित चेकिंग की जाएगी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जाएगा।

 

 

*सख्त चेकिंग के बाद ही मिलेगा प्रवेश*

 

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग (फ्रिस्किंग) की जाएगी। इसके लिए हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) सहित अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग किया जाएगा, ताकि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अनुचित साधन परीक्षा केंद्र के भीतर न जा सके। परीक्षा को नकलविहीन और सुरक्षित माहौल में कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की सभी इकाइयां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

 

 

 

इस महत्वपूर्ण संयुक्त निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (ADM) मुक्ता मिश्रा, एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक (DSP) उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार और निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल सहित पुलिस और प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!