उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी में पनीर के सैंपल में मिला डिटर्जेंट, कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग

उत्तरकाशी में पनीर के सैंपल में मिला डिटर्जेंट, कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग

उत्तरकाशी

जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी उत्तरकाशी से मुलाकात कर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड के आयुक्त के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।

ज्ञापन में पनीर के एक नमूने की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में डिटर्जेंट पाए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पूर्व जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस सुधीश पंवार द्वारा जांच हेतु उपलब्ध कराए गए पनीर के नमूने (सैंपल आईडी: 1008808) की प्रयोगशाला रिपोर्ट में डिटर्जेंट की उपस्थिति पाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार उक्त नमूना असुरक्षित (Unsafe) घोषित किया गया है, जो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा एफएसएसएआई के निर्धारित मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है।

इस पर जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि खाद्य पदार्थों में डिटर्जेंट जैसी हानिकारक सामग्री का पाया जाना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक विषय है। यह सीधे-सीधे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि संबंधित विक्रेता, निर्माता एवं आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े सभी व्यक्तियों की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही जनपद के सभी डेयरी, मिठाई एवं खाद्य पदार्थ विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से नमूने लेकर उनकी जांच सुनिश्चित की जाए।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद उत्तरकाशी में मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर लंबे समय से आमजन में चिंता बनी हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग को व्यापक अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि जनता के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदीप सिंह रावत (अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी), जीतम सिंह रावत ( पूर्व प्रधान)सुधीश पंवार ( पूर्व जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस)एवं भगवान चंद प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *