भटवाड़ी ब्लॉक की मांगों को लेकर कांग्रेस ने घेरा प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को, जमकर की नारेबाजी
भटवाड़ी ब्लॉक की मांगों को लेकर कांग्रेस ने घेरा प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को, जमकर की नारेबाजी
उत्तरकाशी
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, ऑल वेदर रोड के चौड़ीकरण तथा क्षेत्र की अन्य ज्वलंत मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन अब उग्र होने लगा है। शनिवार को इस आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट परिसर में प्रदेश के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
10 दिनों से धरने पर बैठी जनता, सरकार उदासीन: कांग्रेस
घेराव के दौरान कांग्रेस के मनीष राणा पूर्व जिलाध्यक्ष व् नेताओं ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि
भटवाड़ी की विभिन्न मांगों को लेकर स्थानीय लोग पिछले दस दिनों से लगातार धरने पर बैठे हैं।इतनी लंबी अवधि बीत जाने के बाद भी सरकार का कोई मंत्री या जनप्रतिनिधि आंदोलनकारियों से मिलने या उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा।
यह रवैया साफ तौर पर जनता की समस्याओं के प्रति सरकार की घोर उदासीनता को दर्शाता है।
हवाई निरीक्षण तक सीमित है सरकार, आपदा पीड़ितों की अनदेखी का आरोप
कांग्रेस ने हाल ही में आई धारली आपदा का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। नेताओं का आरोप था किआपदा के बाद भी सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों की गंभीर समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया है। मुख्यमंत्री और मंत्री केवल हवाई निरीक्षण कर लौट जाते हैं, जबकि धरातल पर प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी वास्तविक समस्याओं का समाधान करने की सख्त जरूरत है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी कि यदि भटवाड़ी की मांगों पर जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की अनदेखी जारी रही, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर एक व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी। नेताओं ने स्पष्ट किया कि जनता अब केवल खोखले आश्वासनों से मानने वाली नहीं है, बल्कि उसे अपनी मांगों का तत्काल और ठोस समाधान चाहिए।
