उत्तरकाशीउत्तराखंड

परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ उत्तरकाशी कांग्रेस मुखर, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

 

परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ उत्तरकाशी कांग्रेस मुखर, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

 

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी ने की प्रेस वार्ता.

 

उत्तराखंड के सख्त नकल विरोधी कानून को बताया महज एक मजाक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

 

उत्तरकाशी

जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी द्वारा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के अंतर्गत एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। वार्ता में देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेष रूप से NEET एवं अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं तथा छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

 

 

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने कहा कि यह केवल पेपर लीक का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य, विश्वास और मेहनत पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा, “वर्षों की कठिन तैयारी के बाद जब परीक्षाएं रद्द होती हैं या उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो सिर्फ परीक्षा नहीं बल्कि लाखों युवाओं के सपने टूटते हैं। नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण ईमानदारी से तैयारी करने वाले छात्र सबसे अधिक पीड़ित हो रहे हैं।

 

 

*नकल विरोधी कानून को बताया मजाक*

 

जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रचारित तथाकथित सख्त नकल विरोधी कानून आज पूरी तरह मजाक बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) भर्ती घोटाले में जिन लोगों पर गंभीर आरोप लगे थे, वे आज खुलेआम घूम रहे हैं और कई मामलों में न्यायालय से दोषमुक्त हो चुके हैं। इतना ही नहीं, जिन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, उनमें से कई पुनः अपनी नौकरियों में बहाल हो चुके हैं।

रावत ने कहा कि यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और इससे युवाओं का सरकारी व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है।

 

 

 

कांग्रेस ने कहा कि देशभर में NEET, JEE, SSC, UPSC, RRB जैसी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं इस बात का प्रमाण हैं कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। युवाओं को अवसर, भरोसा और सम्मान चाहिए, न कि अनिश्चितता, तनाव और निराशा।

 

 

*राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री का मांगा इस्तीफा*

 

प्रेस वार्ता के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जिलाधिकारी उत्तरकाशी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं एवं पेपर लीक प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।

 

 

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष घनानंद नौटियाल, शीशपाल पोखरियाल, कमल सिंह रावत, मनीष पंवार, बी.एल. घलवान, विक्रम सिंह रावत, जितम सिंह रावत एवं पवित्रा राणा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!