उत्तराखंडचम्पावत

टनकपुर से शुरू हुआ ‘स्वास्थ्य सेवा सप्ताह’, सीएम धामी ने किया शुभारंभ; 18 अगस्त तक लगेंगे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर

टनकपुर से शुरू हुआ ‘स्वास्थ्य सेवा सप्ताह’, सीएम धामी ने किया शुभारंभ; 18 अगस्त तक लगेंगे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर

टनकपुर
उत्तराखण्ड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने शनिवार को टनकपुर से “स्वास्थ्य सेवा सप्ताह” का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

शुभारंभ अवसर पर आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक जांच, मुफ्त दवाइयों का वितरण, टीकाकरण, उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच, मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की स्क्रीनिंग, किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की जांच एवं परामर्श, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग विशेषज्ञों की सेवाएं तथा स्वैच्छिक रक्तदान जैसी सुविधाएं दी गईं।

बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि 4 जुलाई से 18 अगस्त 2026 तक जनपद के जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित तिथियों पर विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने बताया कि शिविरों की तिथि, स्थान और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लगातार आमजन तक पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, समय पर टीकाकरण करवाने, स्वैच्छिक रक्तदान करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ज्ञानेश तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय, सीएचओ ममता मनराल, एएनएम गिरिजा राय, एनटीसीपी कॉउंसलर हरीश पाण्डेय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!