उत्तराखंडनैनबाग

यमुनेश्वर महादेव मंदिर नैनबाग में शिवलिंग एवं देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

यमुनेश्वर महादेव मंदिर नैनबाग में शिवलिंग एवं देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

 

नैनबाग (शिवांश कुंवर)- नैनबाग स्थित यमुनेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के षष्ठम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधानों के साथ शिवलिंग तथा विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की भव्य प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।
इस पावन अवसर पर नाग देवता पालकी, भद्राज देवता पालकी, महासू डोरिया तथा भद्रकाली पालकी सहित विभिन्न देव डोलियों की दिव्य उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। देव डोलियों के मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। ढोल-दमाऊं की मधुर ध्वनि और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
इस धार्मिक आयोजन की विशेष गरिमा राष्ट्रीय संत लवदास महाराज की पावन उपस्थिति से बढ़ी। उनके सान्निध्य में वैदिक आचार्यों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना, हवन एवं मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग और देवी-देवताओं की मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा की गई। संत लवदास महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति एवं सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्राण प्रतिष्ठा के इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर शिवप्रसाद नौटियाल, गिरिधर गिरी महाराज, समिति अध्यक्ष गंभीर रावत, राजेश कैंतुरा, दिनेश तोमर, सुरेंद्र सेमवाल, मोहन लाल निराला, अरविन्द कंडारी, सूरत कैंतुरा, सुमारी नौटियाल, नवीन रावत, डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल, जितेंद्र तोमर, आचार्य कपिल सेमवाल, आचार्य रोहित कृष्ण, नितिन थपलियाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!