उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

जौनपुर क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

जौनपुर क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

टिहरी के जौनपुर क्षेत्र नवागांव-सत्यों के ऊपर से गुजर रहे ट्रांस एविएशन कंपनी के एक हेलीकॉप्टर को हवा के भारी दबाव के कारण अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। लैंडिंग के समय हेलीकॉप्टर हाई टेंशन लाइन के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन पायलट की सूझबूझ से उसे सुरक्षित खेतों में उतार लिया गया। हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिन्हें प्रशासन ने टैक्सी के जरिए देहरादून भेज दिया है। अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने ट्रांस एविएशन कंपनी के सीईओ सिद्धार्थ और कंपनी प्रतिनिधि सुधीर गुलाटी से वार्ता कर घटना की जानकारी ली।  एडीएम ने बताया कि चारधाम यात्रा रूट पर संचालित हेलीकॉप्टर जौनपुर क्षेत्र अंतर्गत नवागांव-सत्यों के ऊपर से गुजर रहा था। इसी दौरान हवा और अधिक प्रेशर के कारण हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। बताया कि लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर हाई टेंशन लाइन के समीप पहुंच गया था, लेकिन पायलट ने सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।  घटना में पायलट सहित सभी यात्री पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। प्रशासन द्वारा तत्काल सभी यात्रियों को टैक्सी वाहनों के माध्यम से सुरक्षित देहरादून भेज दिया गया है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रशासन लगातार ट्रांस एविएशन कंपनी के संपर्क में है। हेलीकॉप्टर के रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण के लिए कंपनी की मेंटेनेंस टीम को मौके पर बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *